इंदौर में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी पर समिट 6 और 7 दिसंबर को
सेंटर ऑफ वैस्क्यूलर एंड इंटरवेंशनल केयर 6 और 7 दिसंबर को इंदौर में CVIC IR Summit 2025 का आयोजन करने जा रहा है। यह समिट मध्य भारत में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक मंच होगा। इसमें देशभर से इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट, वास्कुलर सर्जन, नेफ्रोलॉजिस्ट, ऑन्कोलॉजिस्ट और विभिन्न सुपरस्पेशियलिटी विशेषज्ञ शामिल होंगे।
इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निशांत भार्गव ने बताया— “हमारा लक्ष्य है कि मध्य भारत के चिकित्सकों को इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की आधुनिक और जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके। यह सम्मेलन मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।”
इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आलोक उडिया के अनुसार— “आज IR तकनीक के माध्यम से स्ट्रोक, वेरिकोस वेन्स, ट्यूमर और वास्कुलर रोगों का बिना बड़े ऑपरेशन के प्रभावी इलाज संभव है। सम्मेलन में हम इन नवीनतम तकनीकों को साझा करेंगे ताकि प्रदेश में उपचार की गुणवत्ता और उन्नत हो सके।” उन्होंने बताया कि समिट की थीम है— “न्यूनतम चीरा, अधिकतम उपचार – आधुनिक IR से मरीजों को नई उम्मीद।”
सम्मेलन में एन्यूरिज़्म कोइलिंग, स्ट्रोक इंटरवेंशन और जटिल वास्कुलर प्रक्रियाओं पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही वेरिकोस वेन लेज़र/ग्लू एब्लेशन, प्रोस्टेट एवं फाइब्रॉइड एम्बोलाइज़ेशन, थायरॉयड RFA, ट्यूमर एब्लेशन पर विस्तृत चर्चाएँ होंगी। फिस्टुलोप्लास्टी, डायलिसिस एक्सेस, PTBD, ड्रेनेज तथा डे-केयर आधारित इंटरवेंशनल प्रक्रियाओं पर अपडेट के साथ नवीनतम IR तकनीक, उपकरण और अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल पर गहन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. शैलेश गुप्ता ने बताया— “कम दर्द, कम जोखिम और तेज़ रिकवरी— यही आधुनिक IR तकनीक की बड़ी विशेषताएँ हैं। IR Summit 2025 का उद्देश्य इन सुविधाओं को अधिक से अधिक डॉक्टरों तक पहुँचाना है।”
समिट में स्ट्रोक, वेरिकोस वेन्स, फिस्टुला ब्लॉकेज, थायरॉयड और प्रोस्टेट रोगों, ट्यूमर एवं कैंसर उपचार जैसी कई डे-केयर आधारित, सुरक्षित और अत्याधुनिक इंटरवेंशनल विधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
